विदेश

कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या, हैमिल्टन में बस स्टॉप पर हुई दर्दनाक घटना

कनाडा में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला हैमिल्टन शहर से सामने आया है, जहां भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की  हत्या कर दी गई। हरसिमरत मोहॉक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं और घटना के वक्त वह अपने काम पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं।

पुलिस जांच के मुताबिक, यह फायरिंग दो युवकों के आपसी विवाद का नतीजा थी। एक काली कार में सवार युवक ने एक सफेद सेडान पर गोली चलाई, लेकिन एक गोली वहीं बस स्टॉप पर खड़ी हरसिमरत को जा लगी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच की और गोलीबारी में शामिल संदिग्धों की तलाश जारी है। स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी। जब अधिकारी पहुंचे तो हरसिमरत गंभीर रूप से घायल थीं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भारतीय दूतावास ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे छात्रा के परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास की ओर से कहा गया, “हैमिल्टन में हरसिमरत रंधावा की दुखद मौत से हम अत्यंत दुखी हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार वह इस संघर्ष में निर्दोष पीड़िता थीं।”

इस महीने कनाडा में भारतीय मूल के दो नागरिकों की हत्या हो चुकी है। इससे पहले 5 अप्रैल को एक अन्य भारतीय युवक की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे भारतीय समुदाय में डर और चिंता का माहौल है।

पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button