अमेरिका में भारतीय मूल के किशोर पर मां-भाई की हत्या का आरोप, ChatGPT सर्च से चौंकाने वाला खुलासा

मैसाचुसेट्स: अमेरिका के मैसाचुसेट्स के एक्टन में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने रातभर की तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है। उस पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप है। दोनों के शव मंगलवार को उनके घर से बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन के पिता अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे घर पहुंचे एक ट्यूटर ने भी परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस जब घर पहुंची तो पहली मंजिल पर सिद्धार्थ और बेसमेंट में सुधा का शव मिला। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मौत की सही वजह और हत्या में इस्तेमाल हथियार की जानकारी नहीं दी है।
पुलिस के पहुंचने के समय अर्जुन घर पर नहीं था। आरोप है कि वह अपनी मां की होंडा अकॉर्ड कार लेकर वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह पुलिस को वेयलैंड में एक पार्किंग लॉट से अलार्म की सूचना मिली। वहां अधिकारियों ने अर्जुन को उसकी मां की कार के अंदर पाया और बिना किसी विरोध के उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पुलिस को अर्जुन के हाल के व्यवहार को लेकर भी कुछ चिंताजनक जानकारी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, उसने इंटरनेट और चैटजीपीटी पर परिवार की हत्या से जुड़ी कुछ काल्पनिक और सैद्धांतिक चीजों के बारे में सर्च किया था। उसने चैटजीपीटी की मदद से गॉथिक उपन्यास जैसी कहानियां और किरदार भी बनाए थे।
अर्जुन पर हत्या के दो मामलों के साथ परिवार के सदस्यों से जुड़े मारपीट के आरोप, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने और वाहन चोरी के आरोप लगाए गए हैं। उसे पहले किशोर अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि हत्या के मामले बाद में जिला अदालत में सुने जाएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।





