भारत 2025 में बनेगा दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, IMF की रिपोर्ट में दावा

भारत 2025 में जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की अप्रैल 2025 की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, भारत की नॉमिनल जीडीपी इस वर्ष 4.187 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि जापान की जीडीपी 4.186 ट्रिलियन डॉलर रहने की संभावना है। मामूली अंतर के बावजूद यह भारत के आर्थिक इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
2024 तक भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन अब यह रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़ गया है। भारत से आगे केवल तीन देश—अमेरिका, चीन और जर्मनी—ही बचते हैं।
IMF की रिपोर्ट बताती है कि अगर भारत की विकास दर ऐसे ही बनी रही, तो वह 2028 तक जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। 2027 तक भारत की जीडीपी के 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचने का अनुमान है। वहीं 2028 तक भारत की अर्थव्यवस्था 5.58 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है, जबकि उस समय तक जर्मनी की जीडीपी 5.25 ट्रिलियन डॉलर रहने का अनुमान है।
A proud day for every Bharatiya!
India has now officially overtaken Japan, becoming the fourth largest economy of the world with a GDP of $4.187 trillion, according to the latest IMF report.
This historic feat goes beyond mere statistics; it is the path we have walked together… pic.twitter.com/GAQR73EKUN
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 6, 2025
IMF के आंकड़ों के अनुसार, 2025 की टॉप 10 वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में भारत चौथे स्थान पर रहेगा। अमेरिका 30.5 ट्रिलियन डॉलर के साथ पहले स्थान पर रहेगा, जबकि चीन 19.2 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे और जर्मनी 4.74 ट्रिलियन डॉलर के साथ तीसरे नंबर पर रहेगा। भारत की अनुमानित जीडीपी 4.18 ट्रिलियन डॉलर होगी, जो जापान (4.18 ट्रिलियन डॉलर) से थोड़ी अधिक होगी।
इसके अलावा छठे नंबर पर यूनाइटेड किंगडम (3.83 ट्रिलियन डॉलर), सातवें पर फ्रांस (3.21 ट्रिलियन डॉलर), आठवें पर इटली (2.42 ट्रिलियन डॉलर), नौवें पर कनाडा (2.22 ट्रिलियन डॉलर) और दसवें पर ब्राज़ील (2.12 ट्रिलियन डॉलर) रहेंगे।





