U-19 World Cup 2026: टीम इंडिया ने छठी बार जीता U-19 वर्ल्ड कप, वैभव ने खेली 175 रनों की पारी

India U-19 World Cup 2026 Champion: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देकर अपना छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया है. वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड को जीत के लिए 412 रनों का लक्ष्य दिया. जवाब में इंग्लिश टीम महज 40.2 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड की तरफ से कैलेब फॉल्कनर ने शानदार 115 रनों की पारी खेली.
अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय कप्तानों की सूची:
- 2000 में मोहम्मद कैफ
- 2008 में विराट कोहली
- 2012 में उन्मुक्त चंद
- 2018 में पृथ्वी शॉ
- 2022 में यश धुल
- 2026 में आयुष म्हात्रे
वैभव सूर्यवंशी के 175 रन ने बनाया फाइनल का नायक
पूरे वर्ल्ड कप के दौरान वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चुप ही रहा था. वह अपनी प्रतिभा के अनुसार रन नहीं बना पा रहे थे, जो टीम और प्रशंसकों के लिए चिंता की वजह बन गया था. लेकिन सेमीफाइनल में अर्धशतक जड़ने के बाद फाइनल में उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास हुआ और वैभव ने 15 चौकों और 15 छक्कों की मदद से मात्र 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए. इस बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास की संभवतः सबसे प्रभावशाली पारी खेली. यह अंडर-19 विश्व कप फाइनल में किसी भी खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है. सेमीफाइनल में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ तेजतर्रार 68 रन बनाए थे. इस तरह वह 439 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने.
अन्य खिलाड़ियों का योगदान
सूर्यवंशी के अलावा टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए. अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों पर 40 रन, वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंदों में 32 रन, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंदों पर 30 रन और कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रनों की उपयोगी पारी खेली.
इंग्लैंड की जवाबी पारी
412 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने आसानी से हार नहीं मानी. 20 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 171/3 था, जो 22वें ओवर के खत्म होते-होते 177/7 हो गया. मगर आठवां विकेट गिरने तक स्कोर 269 रन तक पहुंच गया. इंग्लैंड के लिए फॉल्कनर ने महज 63 गेंदों में शतक जड़ा. भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट तेज गेंदबाज आर एस अंबरीश ने लिए.





