सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमलों की भारत ने की निंदा, कहा- ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ - News Mobile
विदेश

सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमलों की भारत ने की निंदा, कहा- ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’

भारत ने सऊदी अरब के रियाद और अबहा में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और कहा कि भारत इस मुश्किल समय में सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ खड़ा है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि पिछले कुछ दिनों में अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हमले किए गए। इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।

भारत ने कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय ने हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

भारत की यह प्रतिक्रिया यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हमले का दावा किए जाने के बाद आई है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि संगठन ने बैलिस्टिक मिसाइल से सऊदी अरब के मुख्य अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को निशाना बनाया और मिसाइल अपने लक्ष्य तक पहुंची।

हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि हमले के बाद रियाद एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ। उन्होंने दुनिया की एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र में उड़ानें संचालित न करने की चेतावनी भी दी। हालांकि, उन्होंने मक्का और मदीना के पवित्र स्थलों के ऊपर के हवाई क्षेत्र को इससे अलग रखा।

एक दिन पहले भी हुए थे हमले

हूती समूह ने एक दिन पहले भी सऊदी अरब में कई हमले करने का दावा किया था। उसके मुताबिक, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी। मंगलवार और बुधवार को किंग खालिद एयरपोर्ट और अबहा एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था और इन हमलों की जिम्मेदारी भी हूतियों ने ली थी।

गुरुवार को सऊदी राजधानी रियाद में कई धमाकों की आवाजें सुनाई देने की खबर सामने आई। इसके बाद राजनयिकों को अपने-अपने दूतावासों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई। रियाद में रहने वाले लोगों ने बताया कि कुछ इंटरनेशनल स्कूलों ने भी सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए। एक स्कूल में बच्चों को सुरक्षा के लिए बेसमेंट में ले जाया गया। वहीं, कुछ कंपनियों ने भी अपने कर्मचारियों को इलाके से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button