IND vs SL: दिल्ली में ही खेला जाएगा पहला वनडे, BCCI ने वेन्यू बदलने की खबरों को किया खारिज

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच आगामी सीमित ओवरों की सीरीज को लेकर फैली अफवाहों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विराम लगा दिया है। बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया (Devajit Saikia) ने स्पष्ट किया है कि भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला वनडे मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 13 दिसंबर को दिल्ली में ही आयोजित किया जाएगा।
सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में चल रहे निर्माण कार्य की वजह से पहले वनडे का वेन्यू बदलकर अहमदाबाद किया जा सकता है। हालांकि, बीसीसीआई सचिव ने इन सभी खबरों को पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है।
BCCI ने वेन्यू बदलाव की खबरों को बताया अफवाह
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने पीटीआई (PTI) से बातचीत में कहा, “ऐसी रिपोर्ट्स कि दिल्ली में शेड्यूल इंडिया-श्रीलंका वनडे मैच को अहमदाबाद शिफ्ट किया जा सकता है, बिल्कुल सही नहीं हैं। बीसीसीआई की ओर से ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। द्विपक्षीय मैचों का आवंटन एक तय स्टैंडर्ड पॉलिसी के तहत ही होता है।”
इस बयान के बाद अब यह पूरी तरह साफ हो गया है कि दिल्ली के क्रिकेट फैंस 13 दिसंबर को स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला देख सकेंगे।
2 सप्ताह के भारत दौरे पर आएगी श्रीलंकाई टीम
दिसंबर महीने में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम भारत के दो हफ्ते के दौरे पर आ रही है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे (ODI) और तीन टी20 (T20I) मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
वनडे सीरीज का पहला मैच दिल्ली में होगा, जिसके बाद दूसरा मुकाबला बेंगलुरु और तीसरा मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। वनडे सीरीज खत्म होने के बाद 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होगा।
IND vs SL: भारत बनाम श्रीलंका का पूरा शेड्यूल
वनडे सीरीज शेड्यूल (ODI Series):
-
पहला वनडे: 13 दिसंबर — दिल्ली
-
दूसरा वनडे: 16 दिसंबर — बेंगलुरु
-
तीसरा वनडे: 19 दिसंबर — अहमदाबाद
टी20 सीरीज शेड्यूल (T20I Series):
-
पहला टी20: 22 दिसंबर — राजकोट
-
दूसरा टी20: 24 दिसंबर — कटक
-
तीसरा टी20: 27 दिसंबर — पुणे