मुंबई में डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बुजुर्ग से 13.3 लाख की ठगी, फर्जी ED अधिकारी बनकर लगाया चूना

जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर को एक व्यक्ति ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसी का अधिकारी बताते हुए बुजुर्ग से संपर्क किया। उसने अपना नाम संदीप रॉय बताया। आरोपी ने बुजुर्ग को कहा कि उनका आधार कार्ड नासिक में दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में मिला है और वह जांच के दायरे में हैं।
फर्जी दस्तावेज भेजकर बनाया दबाव
ठगों ने बुजुर्ग का भरोसा जीतने के लिए पूरी योजना बनाई थी। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लोगो वाले कई दस्तावेज भेजे। इनमें एक कथित गिरफ्तारी वारंट भी शामिल था। इन दस्तावेजों के जरिए बुजुर्ग को यकीन दिलाया गया कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने वाली है।
इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और म्यूचुअल फंड में जमा पैसों की जांच करने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि इस जांच के लिए बुजुर्ग को अपनी रकम उनके बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर करनी होगी। ठगों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद पैसे वापस कर दिए जाएंगे।
गिरफ्तारी की धमकी देकर कराई ठगी
आरोपी लगातार बुजुर्ग को गिरफ्तारी की धमकी देते रहे। साथ ही उन्हें किसी को भी इस मामले की जानकारी नहीं देने के लिए कहा गया। डर के कारण बुजुर्ग ने किसी से मदद नहीं मांगी और अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए अपनी बचत के 13.3 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
हालांकि, उनकी पत्नी को पैसों के लेनदेन पर शक हुआ। उन्होंने जब इस बारे में सवाल किया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद बुजुर्ग को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 2 नवंबर को मुंबई के नॉर्थ साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।



