मौसम

दिल्ली से असम और ओडिशा तक बारिश का असर, कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति

देश के कई राज्यों में लगातार बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 17 अगस्त तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। मंगलवार को हुई बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

बुधवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 25 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 78 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।

उधर, असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और शिवसागर जिलों में 1.12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से मरने वालों की संख्या 101 पहुंच गई है। कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।

ओडिशा में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। हाल ही में राज्य के 23 जिलों में करीब 8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए थे। मौसम विभाग ने 13 अगस्त तक बहुत भारी बारिश और 17 अगस्त तक कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मौसम और खराब हो सकता है।

राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। साथ ही जलभराव, तटबंध टूटने और भूस्खलन की घटनाएं भी हो सकती हैं। मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भोपाल और गुना के स्कूल बुधवार को बंद रहेंगे। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। 30 जून से 11 अगस्त के बीच बारिश से जुड़ी घटनाओं में 70 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 204 सड़कें बंद हैं और सार्वजनिक संपत्ति को 910 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

सबसे ज्यादा प्रभावित मंडी जिला है, जहां 80 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 56 और सिरमौर में 23 सड़कें अवरुद्ध हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-154 और राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। मंडी-कुल्लू मार्ग पर जलोगी द्वाडा क्षेत्र में आवाजाही बाधित होने की खबर है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button