भारत

गर्मी से हाहाकार, जल्द आएगा मानसून; कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच इस हफ्ते दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में 25 जून तक मानसून पहुंच सकता है। यह सामान्य तिथि से काफी पहले होगा।

इस साल मानसून ने रिकॉर्ड समय में दस्तक दी थी। 24 मई को केरल में मानसून की शुरुआत हुई, जबकि आमतौर पर यह एक जून को आता है। इससे पहले 2009 में सबसे जल्दी 23 मई को मानसून पहुंचा था। मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्रों के कारण मानसून की रफ्तार बढ़ी है। हालांकि 28 मई से 10 जून के बीच मानसून की प्रगति थमी रही, लेकिन अब यह फिर से सक्रिय हो गया है।

मानसून की सुस्ती के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ा है। 8-9 जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में आ गए हैं। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों में तापमान सामान्य से कहीं ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो 1934 के बाद जून महीने का सबसे अधिक तापमान है। चूरू, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और अन्य जिलों में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा। वहीं हरियाणा के सिरसा में तापमान 47.6 डिग्री और पंजाब के बठिंडा में 46 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अब 18 जून तक मानसून मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों को कवर कर लेगा। इसके बाद 19 से 25 जून के बीच यह उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में पहुंच जाएगा। अनुमान है कि दिल्ली में मानसून 22-23 जून तक पहुंच सकता है, जो सामान्य तिथि 27 जून से पहले होगा।  केरल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी हवाओं और उत्तरी कर्नाटक के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते तेज बारिश और हवाएं चलने की चेतावनी दी है। 17 जून तक समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटों पर न जाने की सलाह दी गई है।

दक्षिण बंगाल में 14 से 18 जून के बीच आंधी और भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, बीरभूम और अन्य जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 16 से 19 जून तक बारिश का दौर चलेगा।

ग्वालियर में शुक्रवार को तेज बारिश और हवा के कारण एक दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब कुछ लोग बारिश से बचने के लिए टिन शेड के नीचे खड़े थे। महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले 24 घंटे में मूसलधार बारिश हुई। इससे दहानू और पालघर तालुका में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए और दो सरकारी बसों को भी नुकसान पहुंचा।

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी जारी है। कई जिलों में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 जून से तापमान में गिरावट आएगी और लू से राहत मिलेगी। देशभर में गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। 25 जून तक उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि तब तक लू और उमस का असर बना रहेगा, लेकिन 18 जून के बाद मौसम में बदलाव की शुरुआत हो सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button