‘हैवान’ के पोस्टर्स ने बढ़ाई उत्सुकता, 17 साल बाद साथ दिखेंगे अक्षय-सैफ

मुंबई: अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान की आने वाली फिल्म ‘हैवान’ का पहला लुक 15 जुलाई 2026 को जारी कर दिया गया। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। यह उनकी साल 2016 में आई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ की आधिकारिक हिंदी रीमेक है।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर फिल्म के पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “एक सब कुछ देखता है, एक कुछ भी नहीं छोड़ता… हैवानियत अब नहीं रुकेगी। ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।” फिल्म के पहले पोस्टर में अक्षय कुमार काली बीनी कैप पहने नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर गहरी परछाइयां हैं और लाल रंग की आउटलाइन के साथ उन्हें दिखाया गया है। पोस्टर पर लिखा है, “बदला सब कुछ देखता है।”
One sees everything,
One misses nothing,
Haiwaniyat ab nahin rukegi!#Haiwaan arrives in cinemas on 11th September! pic.twitter.com/q5eACFGXr1— Akshay Kumar (@akshaykumar) July 15, 2026
दूसरे पोस्टर में सैफ अली खान का गंभीर और दमदार अंदाज देखने को मिलता है। हरे और लाल रंग की थीम वाले इस पोस्टर पर लिखा है, “हर इंद्रिय एक हथियार है।” तीसरे पोस्टर में अक्षय कुमार और सैफ अली खान आमने-सामने नजर आ रहे हैं। सैफ के चेहरे पर खतरनाक मुस्कान दिखाई गई है, जबकि अक्षय गंभीर अंदाज में दिख रहे हैं। पोस्टर में एक बच्चे की परछाई भी नजर आती है, जो फिल्म की रहस्यमयी कहानी की ओर इशारा करती है।
फिल्म में सैयामी खेर भी अहम भूमिका निभा रही हैं। इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने किया है। फिल्म की शूटिंग केरल के कोच्चि में हुई है।
‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान 17 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों साल 2008 की फिल्म ‘टशन’ में साथ दिखाई दिए थे। इसके अलावा वे ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘आरजू’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम कर चुके हैं। ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





