ताज़ा खबरेंभारत

गुरुग्राम महिला बाइकर हिट एंड रन केस में नया मोड़, कार मालिक बोला- ‘दो दिन पहले दोस्त को दी थी गाड़ी’

गुरुग्राम की Golf Course Road पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने और कुछ दूर तक सड़क पर घसीटने के मामले में नया अपडेट सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

वहीं, जिस सफेद कार से महिला बाइकर को टक्कर मारे जाने का आरोप है, उसके मालिक ने घटना में अपनी भूमिका से इनकार किया है। कार मालिक की पहचान मनीष के रूप में हुई है। उसने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में दावा किया कि उसने अपनी कार दो दिन पहले एक दोस्त को दी थी।

कार मालिक ने क्या कहा?

मनीष ने बताया कि वह सेना में कार्यरत है और फिलहाल असम में तैनात है। उसके मुताबिक, कार उसकी है, लेकिन घटना के वक्त वह ड्यूटी पर था।

उसने कहा कि उसे हादसे की जानकारी सोमवार सुबह मिली। मनीष के मुताबिक, उसके दोस्त कल्याण सिंह ने दो दिन पहले कहीं जाने के लिए उससे कार मांगी थी।

कार मालिक ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसने कल्याण को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसने अपने पिता और कुछ अन्य लोगों को कल्याण के घर भी भेजा। मनीष के अनुसार, कल्याण सिंह हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है।

(गुरुग्राम में महिला बाइकर का कार ने किया पीछा, टक्कर मारकर भागने का आरोप; कैमरे में कैद हुआ हादसा)

क्या है पूरा मामला?

यह मामला रविवार सुबह का है। महिला बाइकर सिया अपनी Aprilia बाइक से दोस्तों के साथ Golf Course Road पर जा रही थीं। सिया का आरोप है कि एक सफेद कार ने उनके बेहद करीब आकर उन्हें रुकने का इशारा किया।

सिया ने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में आरोप लगाया कि कार चालक ने उनका पीछा किया और बार-बार हाथ से बाइक रोकने का इशारा करता रहा। उन्होंने चालक से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन इसके बावजूद कार उनका पीछा करती रही।

सिया ने यह भी आरोप लगाया कि कार में सवार लोग नशे में थे। उन्होंने कार से दूरी बनाए रखने की कोशिश की, जबकि उनके एक दोस्त ने बाइक से बीच में आकर कार को रोकने की कोशिश की।

कार ने बाइक को मारी टक्कर

सिया के मुताबिक, कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के वीडियो में उन्हें सड़क पर कुछ दूर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनकी बाइक दूसरी दिशा में फिसलती हुई चली जाती है।

सिया के एक दोस्त ने ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि चालक वहां से भी गाड़ी लेकर भाग गया। सिया ने कार का registration number भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।

पुलिस ने वायरल वीडियो के बाद दर्ज की FIR

गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप तुरन ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और वीडियो की मदद से हादसे की सही जगह की पुष्टि की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की Social Media Cell ने मामले को संज्ञान में लिया। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों, कार चालक की पहचान और घटना में कार मालिक के दावे की भी जांच कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button