गोविंदा की तबीयत बिगड़ी, देर रात अस्पताल में भर्ती — फैंस कर रहे हैं जल्द स्वस्थ होने की दुआ

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और “नंबर वन” स्टार गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ने से उनके प्रशंसक चिंता में हैं. 61 वर्षीय गोविंदा मंगलवार रात मुंबई के जुहू स्थित अपने घर पर चक्कर आने के बाद बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
गोविंदा के लीगल एडवाइजर और करीबी दोस्त ललित बिंदल ने इस खबर की पुष्टि की है. उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि मंगलवार रात करीब 8.30 बजे गोविंदा अचानक बेहोश हो गए. डॉक्टर से परामर्श के बाद उन्हें दवा दी गई, जिससे शुरुआती सुधार दिखा. लेकिन रात लगभग 12.30 बजे फिर असहज महसूस करने पर, उन्हें रात 1 बजे इमरजेंसी में अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में कई मेडिकल जांचें की गई हैं, जिनकी रिपोर्ट्स का इंतजार है. बिंदल ने बताया कि डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नज़र रख रहे हैं.
हाल ही में गोविंदा, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का हाल जानने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे थे. उस दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे काफी भावुक दिखाई दिए थे. अब धर्मेंद्र की खराब सेहत के बीच गोविंदा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैंस की चिंता और बढ़ा दी है.
फिलहाल अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, गोविंदा की हालत में सुधार है और जल्द ही उनका हेल्थ अपडेट जारी किया जाएगा. सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.





