Google ने बढ़ाया वॉलंटरी एग्जिट प्रोग्राम, कनाडा-जापान समेत 5 देशों के कर्मचारी होंगे प्रभावित

गूगल ने अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने यानी वॉलंटरी एग्जिट प्रोग्राम का विस्तार पांच और देशों में किया है। इनमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। कंपनी ने यह कदम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग में बढ़ते निवेश के बीच खर्च को नियंत्रित करने के लिए उठाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल ने जून में इन देशों के कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव देना शुरू किया था। कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि 2025 में कुछ टीमों के लिए इस तरह की योजना शुरू की गई थी, जिसे बाद में दूसरे देशों तक बढ़ाया गया। हालांकि, कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी है कि अब तक कितने कर्मचारियों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है।
यह योजना कंपनी के सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए नहीं है। गूगल क्लाउड और उसकी AI रिसर्च यूनिट डीपमाइंड को इस कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। ये दोनों विभाग कंपनी की प्राथमिकता में शामिल हैं और यहां कर्मचारियों की भर्ती जारी है।
स्विट्जरलैंड में गूगल के करीब 5,000 कर्मचारी काम करते हैं। यहां कंपनी का ज्यूरिख में एक बड़ा इंजीनियरिंग सेंटर भी है। रिपोर्ट के अनुसार, वहां कर्मचारियों को जून के मध्य में नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव दिया गया था और जुलाई के मध्य तक उनके फैसले की जानकारी दे दी गई थी। इस प्रस्ताव को स्वीकार करने वाले कर्मचारियों ने अगस्त से कंपनी छोड़ना शुरू कर दिया।
स्विट्जरलैंड में दिए गए पैकेज के तहत कर्मचारियों को उनकी नौकरी के हर साल के बदले एक महीने की सैलरी देने का प्रस्ताव था। हालांकि, इसकी अधिकतम सीमा 12 महीने की सैलरी तय की गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 50 कर्मचारियों वाली एक टीम के कम से कम चार सदस्यों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया।
माइक्रोसॉफ्ट ने भी शुरू किया वॉलंटरी बायआउट प्रोग्राम
इस बीच, माइक्रोसॉफ्ट ने भी अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना की घोषणा की है। यह कार्यक्रम अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में करीब 60,000 कर्मचारियों को कवर करता है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को दिसंबर के अंत तक कंपनी छोड़नी होगी।
माइक्रोसॉफ्ट की यह योजना लेवल 70 या उससे नीचे के कर्मचारियों के लिए है। कंपनी के कुल 2.23 लाख कर्मचारियों में से करीब 27 फीसदी इस योजना के दायरे में आते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने इससे पहले अप्रैल में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति कार्यक्रम शुरू किया था। इसके अलावा जुलाई में कंपनी ने 4,800 कर्मचारियों की छंटनी भी की थी। AI पर बढ़ते खर्च और तकनीकी क्षेत्र में बदलती जरूरतों के बीच गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या और खर्च को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही हैं।




