‘बिग बॉस 20’ में बदलेंगे खेल के नियम, सलमान के ‘जीवन दान’ ने बढ़ाया सस्पेंस

‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन जल्द शुरू होने वाला है। इस बार शो के मेकर्स ने गेम में एक नया ट्विस्ट शामिल किया है। सलमान खान ने नए सीजन के ट्रेलर में ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ का ऐलान किया है। इस नए नियम के आने से घर में कंटेस्टेंट्स के लिए खेल और भी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
सलमान खान ने बताया नया ट्विस्ट
‘बिग बॉस 20’ के ट्रेलर की शुरुआत दो योद्धाओं की लड़ाई से होती है। दोनों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा होता है, तभी सलमान खान वहां पहुंचकर लड़ाई रोकते हैं। इसके बाद वह सीजन के नए ट्विस्ट के बारे में बताते हुए कहते हैं, “बिग बॉस में मिलेगा, मेरी जान… एक्स्ट्रा जीवन दान।”
हालांकि, ट्रेलर में यह साफ नहीं किया गया है कि यह ‘जीवन दान’ किस तरह काम करेगा और कंटेस्टेंट इसका इस्तेमाल कब कर पाएंगे। यही रहस्य नए सीजन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक हो सकता है।
सलमान खान ने भी इस नए नियम को लेकर कहा कि ‘जीवन दान’ जितना आसान सुनाई दे रहा है, असल में उतना सीधा नहीं है। उन्होंने इशारा किया कि घर के अंदर जाने के बाद ही कंटेस्टेंट्स को इसके बारे में पूरी जानकारी मिलेगी।
20वें सीजन में बदलेगा गेम का तरीका
जियोस्टार के हिंदी और अंग्रेजी मनोरंजन कारोबार के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि ‘बिग बॉस’ के 20 सीजन पूरे होना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस खास सीजन में गेम को नए तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है।
उनके मुताबिक, इस बार खेल में ऐसे नए नियम और मौके जोड़े जाएंगे, जिससे कंटेस्टेंट्स को लगातार अपनी रणनीति बदलनी पड़ेगी। उन्हें जोखिम लेने और सोच-समझकर फैसले लेने होंगे, क्योंकि घर में लिया गया कोई भी फैसला उनके पूरे सफर को बदल सकता है।
कौन-कौन हो सकते हैं कंटेस्टेंट?
‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स को लेकर कई नामों की चर्चा चल रही है। इनमें निया शर्मा, अर्जुन बिजलानी, करण पटेल और जन्नत जुबैर के नाम शामिल हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर को जियोहॉटस्टार और कलर्स पर होगा। अब देखना होगा कि ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ का नया नियम घर के अंदर गेम को किस तरह बदलता है।





