DJ से टीवी स्टार और अब KKK 15 के विनर तक, जानिए कौन हैं अविनाश मिश्रा - News Mobile
मनोरंजन

DJ से टीवी स्टार और अब KKK 15 के विनर तक, जानिए कौन हैं अविनाश मिश्रा

टीवी के पॉपुलर स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का फिनाले हो गया है। रोहित शेट्टी के होस्ट किए इस शो की ट्रॉफी टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने नाम कर ली है। उन्होंने टॉप 3 फाइनलिस्ट ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर खिताब जीता।

करीब एक साल के ब्रेक के बाद यह शो अगस्त में ‘डर का नया दौर’ थीम के साथ वापस आया था। इस सीजन में पुराने कंटेस्टेंट्स के साथ कई नए चेहरे भी नजर आए। शो में कंटेस्टेंट्स ने कई हफ्तों तक मुश्किल और खतरनाक स्टंट किए, जिसके बाद अविनाश मिश्रा ने फाइनल में जीत हासिल की। ट्रॉफी जीतने के साथ अविनाश को 20 लाख रुपये की इनामी राशि, एक कार और यूरोप ट्रिप भी मिली। वहीं, फाइनल में पहुंचे ऋत्विक धनजानी और ओरी को बाइक दी गई।

कौन हैं अविनाश मिश्रा?

अविनाश मिश्रा का जन्म 9 दिसंबर 1995 को हुआ था। वह करीब एक दशक से टीवी इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। एक्टिंग में आने से पहले वह बतौर DJ काम करते थे। अविनाश ने साल 2016 में टीवी शो ‘सेठजी’ से एक्टिंग करियर शुरू किया था। इस शो में उन्होंने बाजीराव का किरदार निभाया। इसके बाद 2017 में वह ‘इश्कबाज’ में नजर आए। साल 2018 में शो ‘मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव’ से उन्हें टीवी इंडस्ट्री में अच्छी पहचान मिली।

‘नाथ’ से बदली किस्मत

अविनाश मिश्रा के करियर में साल 2022 में बड़ा बदलाव आया, जब वह ‘नाथ’ शो में नजर आए। इस शो की सफलता के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ी। इसके बाद 2024 में अविनाश ने ‘बिग बॉस 18’ में हिस्सा लिया। वह शो के मजबूत कंटेस्टेंट्स में शामिल रहे और चौथे स्थान पर रहे। इसी दौरान उन्हें ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के लिए भी फाइनल कर लिया गया था।

ईशा सिंह के साथ जुड़ा नाम

‘बिग बॉस 18’ के दौरान अविनाश मिश्रा का नाम एक्ट्रेस ईशा सिंह के साथ भी जोड़ा गया था। शो में दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली थी। शो खत्म होने के बाद भी दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए। हालांकि, अविनाश ने हमेशा इन खबरों को खारिज किया है। उनका कहना है कि ईशा और वह सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button