फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने पत्नी ब्रिजिट संग विवाद की अटकलें खारिज कीं, कहा – ‘सिर्फ मजाक था’

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ कथित झगड़े की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें ब्रिजिट को राष्ट्रपति मैक्रों के चेहरे को हल्के से पीछे ढकेलते हुए देखा गया था। यह घटना उस समय की है जब दोनों वियतनाम के दौरे पर पहुंचे थे।
वायरल वीडियो में देखा गया कि जैसे ही राष्ट्रपति विमान से उतरने वाले थे, ब्रिजिट ने मजाकिया अंदाज में उनके चेहरे को दोनों हाथों से हल्का सा धक्का दिया। इसके बाद मैक्रों मुस्कुराते नजर आए और कैमरे की तरफ हाथ हिलाया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि यह एक निजी, हल्के-फुल्के अंदाज की बातचीत थी जिसे कुछ लोगों ने तूल दे दिया। उन्होंने कहा, “मैं और मेरी पत्नी झगड़ नहीं रहे थे, हम सिर्फ मजाक कर रहे थे। मुझे आश्चर्य हुआ कि एक साधारण पल को कैसे इतना बड़ा बना दिया गया।” फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने वीडियो के वायरल होने को लेकर नाराजगी जाहिर की और कहा कि कुछ लोग जानबूझकर गलत सूचनाएं फैलाते हैं ताकि निजी पलों को विवाद में बदला जा सके। उन्होंने इस तरह की हरकतों के लिए कुछ चरमपंथी नेटवर्क और रूसी तत्वों को जिम्मेदार बताया।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति भवन एलीसी पैलेस ने भी इस वीडियो को लेकर बयान जारी किया और कहा कि यह कोई झगड़ा नहीं था, बल्कि एक निजी, मस्ती भरा पल था। राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, “दौरे की शुरुआत से पहले का यह हल्का-फुल्का पल था, जिसे गलत तरीके से पेश किया गया।”
बता दें कि वियतनाम राष्ट्रपति मैक्रों के दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे का पहला पड़ाव है। इस यात्रा के दौरान वे फ्रांस को अमेरिका और चीन के विकल्प के रूप में पेश करना चाहते हैं। यह पिछले एक दशक में किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की इस क्षेत्र की पहली यात्रा है। मैक्रों इसके बाद इंडोनेशिया और सिंगापुर भी जाएंगे।




