Fraud and Scam

विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी, रूसी दूतावास की फर्जी वेबसाइट बनाकर 17 लोगों को लूटा

दिल्ली पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने रूस के दूतावास की फर्जी वेबसाइट बनाकर भारतीय युवाओं को नौकरी का झांसा दिया और उनसे रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फीस के नाम पर पैसे वसूले।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फर्जी रिक्रूटर प्रोफाइल, ईमेल अकाउंट, सोशल मीडिया पेज और व्हाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क किया। इस तरह उन्होंने नौकरी के ऑफर को असली दिखाने की कोशिश की। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब रूसी दूतावास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दूतावास ने आरोप लगाया था कि उसकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर www.embassytest.com नाम की वेबसाइट के जरिए लोगों को फर्जी नौकरियों का लालच दिया जा रहा है।

17 लोगों को बनाया ठगी का शिकार

पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक 17 ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जिन्हें इस गिरोह ने अपना शिकार बनाया। जांच के दौरान करीब 50 संदिग्ध वित्तीय लेनदेन भी सामने आए हैं। इनमें से ज्यादातर लोगों से लगभग 875 रुपये की रकम वसूली गई थी।

ब्रिटेन से चला रहा था ठगी का नेटवर्क

पुलिस जांच में अमन कुमार (25) का नाम सामने आया, जो बीबीए ग्रेजुएट है और ब्रिटेन के मिडिल्सब्रो में स्टॉक कंट्रोल एनालिस्ट के तौर पर काम करता था। आरोप है कि वह दिसंबर 2025 में ब्रिटेन जाने के बाद वहीं से इस ठगी के नेटवर्क को चला रहा था।

26 अक्टूबर को जब वह अपने गृह नगर आया, तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में बिहार के दरभंगा निवासी विवेक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने तकनीकी रिकॉर्ड, आईपी लॉग, टेलीकॉम डिटेल और बैंक लेनदेन की जांच के जरिए इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया। जांच में ब्रिटेन के पेमेंट सिस्टम के इस्तेमाल की जानकारी भी सामने आई।

इस मामले में 24 जून को नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी, पहचान छिपाकर ठगी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। इनमें एक ब्रिटेन का सिम कार्ड भी शामिल है। मोबाइल फोन की जांच में फर्जी वेबसाइट से जुड़े डोमेन मैनेजमेंट रिकॉर्ड और नौकरी के नाम पर की गई बातचीत मिली है।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही ठगी के शिकार हुए अन्य लोगों की पहचान करने, कुल ठगी की रकम का पता लगाने और इस गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button