ऑस्कर एंट्री के बाद अब थिएटर्स में आएगी 'गोंधल', हिंदी समेत 6 भाषाओं में होगी रिलीज - News Mobile
मनोरंजन

ऑस्कर एंट्री के बाद अब थिएटर्स में आएगी ‘गोंधल’, हिंदी समेत 6 भाषाओं में होगी रिलीज

ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुनी गई फिल्म ‘गोंधल’ अब सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। निर्देशक संतोष दावखर की इस फिल्म को 33 अन्य फिल्मों के बीच चुना गया था। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा ‘गोंधल’ पर आधारित है। यह फिल्म 13 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी।

छह भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म ‘गोंधल’

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 18 सितंबर को ‘गोंधल’ को ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही फिल्म चर्चा में है। संतोष दावखर ने इस फिल्म का निर्देशन करने के साथ-साथ इसका निर्माण और लेखन भी किया है।

दावखर फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म मराठी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज होगी। इस तरह दर्शक इसे कुल छह भाषाओं में देख सकेंगे।

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

‘गोंधल’ में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है। वहीं, अमलेंदु चौधरी ने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है।

क्या है फिल्म ‘गोंधल’ की कहानी?

फिल्म की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र में आधी रात को होने वाले गोंधल समारोह के इर्द-गिर्द घूमती है। यह महाराष्ट्र की एक पारंपरिक धार्मिक रस्म है, जिसे फिल्म में कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।

फिल्म में इशिता देशमुख ने सुमन का किरदार निभाया है, जो एक अमीर परिवार में शादी के बाद अपनी जिंदगी से परेशान है। इसी दौरान उसकी मुलाकात साहेबा नाम के एक आकर्षक गोंधली कलाकार से होती है। इस मुलाकात के बाद सुमन की जिंदगी में कई बदलाव आते हैं।

कहानी आगे बढ़ने के साथ रिश्तों में उलझन, धोखे और विश्वासघात के साथ हत्या की साजिश जैसे पहलू सामने आते हैं। रातभर चलने वाला गोंधल समारोह इन घटनाओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। फिल्म में धार्मिक परंपरा के साथ-साथ रिश्तों और रहस्य की कहानी भी देखने को मिलेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button