Flydubai Pilot Smit Machchhar: PM मोदी से बोले- मुश्किल वक्त में पढ़ी हनुमान चालीसा, बताया कैसे संभाला विमान

Flydubai Pilot Smit Machchhar: फ्लाईदुबई की उस उड़ान के भारतीय कप्तान स्मित मच्छर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर बात की, जिसमें उड़ान के दौरान कॉकपिट में उन पर उनके सह-पायलट ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्थिति को संभालने की कोशिश करने वाले स्मित मच्छर ने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान उस मुश्किल समय के बारे में बताया।
बातचीत के दौरान स्मित भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से बात करना उनके लिए बेहद खास पल था। उन्होंने नरेंद्र मोदी को अपना “सबसे बड़ा आदर्श” भी बताया।
मुश्किल वक्त में पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा
स्मित मच्छर ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि जब भी वह किसी मुश्किल परिस्थिति में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि विमान में हमले के दौरान भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।
उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विमान की स्थिति को समझने और उसे संभालने की कोशिश जारी रखी।
घायल होने के बाद भी कॉकपिट का दरवाजा खोला
स्मित मच्छर ने प्रधानमंत्री को बताया कि हमले के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गए थे। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि विमान नीचे जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसके बाद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा खुलने के बाद यात्री और चालक दल के अन्य सदस्य अंदर पहुंचे।
स्मित ने बताया कि विमान उड़ाने के लंबे अनुभव के कारण उन्हें आंखें बंद होने पर भी विमान की स्थिति का अंदाजा हो जाता है। इसी अनुभव ने उस मुश्किल समय में उन्हें स्थिति समझने में मदद की।
पीएम मोदी ने पूछा- उस वक्त हिम्मत कैसे जुटाई?
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्मित मच्छर से उस घटना और उस समय उनकी मानसिक स्थिति के बारे में पूछा। स्मित ने बताया कि वह अपनी जान बचाने के साथ-साथ विमान में मौजूद लोगों को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी सूझबूझ और साहस की सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मोदी ने यह भी कहा कि पूरा देश उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है।
मां और परिवार का भी किया जिक्र
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने उन्हें भगवद्गीता की सीख और संस्कार दिए हैं।
स्मित ने प्रधानमंत्री से बात करने पर खुशी जताई और कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से इस तरह बात करने का मौका मिलेगा।
फ्लाईदुबई की उड़ान में आखिर क्या हुआ था?
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही थी। बोइंग 737 MAX 8 विमान में 174 यात्री सवार थे। सऊदी अरब के ऊपर उड़ान के दौरान कॉकपिट में कप्तान स्मित मच्छर पर उनके ओमानी सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया।
हमले के बाद विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति को संभालने में मदद की।
बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात स्थिति में उतारा गया।
अब कैसी है स्मित मच्छर की हालत?
हमले में घायल होने के बाद स्मित मच्छर को पहले सऊदी अरब में इलाज दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए संयुक्त अरब अमीरात भेजा गया।
यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में स्मित और उनके परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि पायलट की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।
स्मित मच्छर से प्रधानमंत्री मोदी की यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब फ्लाईदुबई की उड़ान में हुए कॉकपिट हमले की जांच जारी है।





