फैक्ट-चेक: क्या सम्राट चौधरी के रोड शो में “वोट चोर–गद्दी छोड़” के लगे नारे? जानें पूरा सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रोड शो में अचानक भीड़ ने “वोट चोर – गद्दी चोर” के नारे लगाए। इस दावे को कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर शेयर किया है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “देख लीजिए बिहार की जनता सब जान चुकी है। हम यूँ ही नहीं कहते कि देश का बच्चा-बच्चा वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगा रहा है! ऊपर बस पर सम्राट चौधरी खड़े हैं और नीचे से नारे लग रहे हैं “वोट चोर गद्दी छोड़”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो एडिटेड है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने गूगल पर पड़ताल की। सबसे पहले हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो Chandal_22 नामक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे जुलाई 26, 2025 को अपलोड किया गया था। प्राप्त वीडियो में हमें कहीं भी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ जैसे नारे नहीं सुनाई दिए।
पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो jhahuri madhubni bihar1 नामक यूट्यूब चैनल पर मिला। यहाँ हमने पाया कि सम्राट चौधरी के रोड शो के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे नहीं सुनाई दिए।
वायरल वीडियो बिहार में कहाँ का है यह जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर जुलाई 26, 2025 को छपे एक लेख में वायरल वीडियो वाली गाड़ी (वैन) की तस्वीर मिली जिसकी छत पर खड़े होकर सम्राट चौधरी रोड शो कर रहे थे। यहाँ हमने पाया कि उसी गाड़ी पर नीतीश कुमार खड़े हुए हैं।

प्राप्त लेख में जानकारी दी गयी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जुलाई 26 को मधुबनी में रोड शो और प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान 649 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद वे सीतामढ़ी के लिए रवाना हो गए। उनके साथ रोड शो में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा ऊपर थे।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो एडिटेड है, असली वीडियो में वोट चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे नहीं लगाए गए हैं।





