फैक्ट चेक: सीएम नीतीश की तारीफ करते हुए तेजस्वी यादव का यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: सीएम नीतीश की तारीफ करते हुए तेजस्वी यादव का यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेजस्वी यादव को बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए नजर आ रहे है, इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तेजस्वी यादव ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया कि नीतीश कुमार देश के सर्वाधिक अनुभवी और काम करने वाले मुख्यमंत्री है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “मित्रों अब तो तेजस्वी यादव जी भी मान रहे हैं देश में अगर कोई सबसे अनुभवी और काम करने वाला मुख्यमंत्री है, तो वह हैं श्री नीतीश कुमार जी।”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो क्लिप @TheNewIndian नामक यूट्यूब चैनल पर मिला। जिसे अगस्त 09, 2022 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, “तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें देश का सर्वाधिक अनुभवी मुख्यमंत्री बताया।”
उपरोक्त मिले वीडियो के अनुसार यह वायरल क्लिप साल 2022 के दौरान का है। इसी जानकारी की पुष्टि के लिय हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमे वायरल वीडियो zee tv के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे Aug 9, 2022 को अपलोड किया गया था।
उपरोक्त प्राप्त वीडियो से यह साफ़ हो गया कि वायरल वीडियो क्लिप 2022 का है, जब नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होकर महागठबंधन में शामिल हो गए थे और फिर तेजस्वी यादव ने उन्हें गठबंधन का नेता स्वीकार किया था। इसके बाद नीतीश कुमार एक बार फिर से मुख्यमंत्री बने थे।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि तेजस्वी यादव द्वारा सीएम नीतीश कुमार की तारीफ व कसीदे पढ़ने वाला यह वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2022 के दौरान है, जिसे हालिया दिनों में गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।





