फैक्ट चेक: क्या RJD ने अपनी महिला प्रचारक सीमा कुशवाहा को पार्टी से बाहर निकाला? जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: क्या RJD ने अपनी महिला प्रचारक सीमा कुशवाहा को बाहर निकाला? जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय जनता दल पार्टी की एक महिला नेता सीमा कुशवाहा का एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में महिला नेता को फुट-फुट कर रोते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान महिला नेता को रोते हुए यह कहते हुए सुना जा सकता है कि टिकट उनको नहीं मिलेगा और वे हमें चुनाव नहीं लड़ाना चाह रहे हैं।
इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रीय जनता दल ने की स्टार प्रचारक सीमा कुशवाहा को बेइज्जत करके पार्टी से भगा दिया।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि राष्ट्रीय जनता दल की स्टार प्रचारक कुशवाहा समाज की बेटी सीमा कुशवाहा को राजद ने बेइज्जत करके भगा दिया। अब किसी को औरत का आंसू नहीं दिखेगा।

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर हमे इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो News One 11 नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। जिसे अक्टूबर 07, 2020 को शेयर किया गया था। कैप्शन के मुताबिक, “ सीमा कुशवाहा ने उपेंद्र कुशवाहा पर लगाया गंभीर आरोप।” यहाँ भी वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
पुष्टि के लिए हमने गूगल पर वायरल वीडियो को एक बार फिर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो Live Cities नामक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे अक्टूबर 06, 2020 को अपलोड किया गया था। बता दें कि यहाँ बताया गया कि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा ने महागठबंधन से अलग होकर चुनाव में बसपा के साथ गठबन्धन किया था।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक खबर ईटीवी भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। जिसे अक्टूबर 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। सीमा कुशवाहा रालोसपा पार्टी के साथ जुड़ी हुई थी। लेकिन पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने नाराज होकर वीडियो बनाकर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर कई गंभीर आरोप लगाये।
पड़ताल के दौरान हमें मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2020 का है। उस दौरान वो आरजेडी के साथ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के साथ जुड़ी हुई थी। रालोसपा से टिकट न मिलने पर उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी नराजगी जाहिर की थी।





