फैक्ट चेक: क्या नितिन नबीन ने उल्टा तिरंगा फहराया? जानें वायरल तस्वीर का सच

सोशल मीडिया पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में उन्हें तिरंगा उल्टा पकड़े हुए दिखाया गया है। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि नितिन नबीन ने तिरंगे को उल्टा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया।

न्यूजमोबाइल की पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया।
वायरल तस्वीर की हुई जांच
वायरल तस्वीर की सच्चाई पता लगाने के लिए रिवर्स इमेज सर्च किया गया। जांच के दौरान बीजेपी के आधिकारिक एक्स अकाउंट @BJP4India पर 13 अगस्त 2026 को शेयर की गई मूल तस्वीर मिली। इसके अलावा नितिन नबीन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इसी दिन इससे जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया गया था।
बीजेपी द्वारा शेयर की गई मूल तस्वीर में नितिन नबीन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने आवास की छत पर तिरंगा फहराते हुए नजर आ रहे हैं। मूल तस्वीर में राष्ट्रीय ध्वज सही दिशा में दिखाई दे रहा है।
एडिटेड है वायरल तस्वीर
मूल तस्वीर और संबंधित वीडियो की तुलना करने पर सामने आया कि वायरल तस्वीर में डिजिटल तरीके से बदलाव किया गया है। एडिटेड तस्वीर में तिरंगे की दिशा को बदलकर उसे उल्टा दिखाया गया है।
मूल तस्वीर में नितिन नबीन तिरंगे को सही दिशा में पकड़े हुए हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर के आधार पर उनके द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का दावा सही नहीं है।

वायरल तस्वीर फर्जी/एडिटेड है। नितिन नबीन द्वारा तिरंगा उल्टा फहराने का दावा गलत है। असली तस्वीर में राष्ट्रीय ध्वज सही दिशा में है, जिसे बाद में डिजिटल तरीके से एडिट कर उल्टा दिखाया गया।





