विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहरीन के विदेश मंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई अहम चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल ज़यानी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और बहरीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही, क्षेत्रीय हालात और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक के बाद एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बहरीन में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और उनके कल्याण का ध्यान रखने के लिए वहां की सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
Delighted to meet FM Dr. Abdullatif bin Rashid Al Zayani of Bahrain in Manama today.
Expressed deep appreciation for ensuring the well-being of the Indian community.
Discussed deepening our bilateral cooperation. Exchanged views on ongoing developments in the region.… pic.twitter.com/aASYTZQnLP
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) July 6, 2026
इससे पहले जयशंकर ने कतर की राजधानी दोहा में प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-कतर रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के नए अवसरों पर चर्चा की। जयशंकर ने बताया कि कतर के साथ हुई बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। उन्होंने कतर में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए वहां की सरकार का भी धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एस. जयशंकर 5 से 15 जुलाई तक कई देशों के दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान वह कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, अमेरिका और बेल्जियम का दौरा करेंगे। इन देशों में वह अपने समकक्ष नेताओं से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यात्रा के अमेरिका चरण में जयशंकर 13 जुलाई को न्यूयॉर्क जाएंगे, जहां वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के 2028-29 कार्यकाल के लिए भारत के अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 14 और 15 जुलाई को वह ब्रुसेल्स में भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (India-EU Trade and Technology Council) की तीसरी बैठक में हिस्सा लेंगे।





