गुजरात के बनासकांठा में पटाखा गोदाम में विस्फोट, 21 की मौत; मालिक गिरफ्तार

गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा कस्बे के पास स्थित एक गोदाम में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने गोदाम के मालिक दीपक मोहनानी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, इस गोदाम में अवैध रूप से पटाखे बनाए और संग्रहीत किए जा रहे थे।
गोदाम मालिक की गिरफ्तारी बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक चिराग कोराडिया ने बताया कि बनासकांठा पुलिस की एक टीम ने मंगलवार रात पड़ोसी साबरकांठा जिले से गोदाम मालिक दीपक मोहनानी को गिरफ्तार किया। इस गोदाम के मालिक दीपक और उनके पिता खूबचंद मोहनानी हैं। पुलिस का कहना है कि इस गोदाम में अवैध रूप से पटाखे जमा किए जा रहे थे।
विस्फोट में 21 की मौत, कई घायल मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे डीसा कस्बे के पास स्थित इस औद्योगिक क्षेत्र में हुए विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरा गोदाम मलबे में तब्दील हो गया। जिलाधिकारी मिहिर पटेल ने बताया कि इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सभी मृतक मध्य प्रदेश के हरदा और देवास जिले के रहने वाले थे।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल जिला कलेक्टर मिहिर पटेल ने बताया कि धमाका इतना भीषण था कि मजदूरों के शरीर के अंग 200-300 मीटर दूर तक बिखर गए और इमारत की स्लैब ढह गई। इस हादसे में मजदूरों के परिवार के सदस्य भी दबकर मारे गए। मृतकों में पांच बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र तीन से 12 वर्ष के बीच थी। मृत बच्चों की पहचान अभिषेक (3), किरण (5), रुक्मा (6), राधा (10) और कृष्णा (12) के रूप में हुई है। मृत महिलाओं में लक्ष्मी नायक (50), दलिबेन नायक (25), केसरबेन नायक (40), सुनीताबेन नायक (19) और गुड्डिबेन नायक (30) शामिल हैं। छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बचाव कार्य जारी, एसआईटी गठित गुजरात सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए सात अग्निशमन दल, आठ एंबुलेंस, एक राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम और चार बुलडोजर भेजे। पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया कि इस मामले की गहन जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। साथ ही, एक विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गठित किया गया है, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की संवेदनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पीएमओ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, “गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्टरी विस्फोट में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी मृतकों के परिवारों को चार लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया।
विपक्ष ने सरकार से की कड़ी कार्रवाई की मांग कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने सरकार से मांग की कि मृतकों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाए और इस हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि विस्फोट के असली कारणों का पता लगाया जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।





