कुलगाम के अखल देवसर में तीसरे दिन भी मुठभेड़ जारी, अब तक तीन आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल देवसर इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ का आज तीसरा दिन है। रविवार को एक और आतंकी को मार गिराया गया, जिससे अब तक मारे गए आतंकियों की संख्या तीन हो गई है। शनिवार को सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर किया था, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी हारिस नजीर भी शामिल था। हारिस पुलवामा के कच्चीपोरा इलाके का रहने वाला था और 24 जून 2023 को आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। वह ‘सी श्रेणी’ का आतंकी था और बायसरन हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी 14 वांछित आतंकियों की सूची में उसका नाम भी था।
शनिवार को सुबह हारिस को मारा गया, जबकि दूसरा आतंकी दोपहर में मुठभेड़ में ढेर हुआ। रविवार को तीसरे आतंकी को मार गिराया गया। हालांकि, दूसरे आतंकी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मारे गए आतंकियों के शव ड्रोन से जंगल में देखे गए। इस मुठभेड़ के दौरान एक सैन्य अधिकारी घायल हो गया है, जिसे श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना को आशंका है कि इलाके में अभी और आतंकी छिपे हो सकते हैं, जिस कारण सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
मुठभेड़ की शुरुआत शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुई थी, जब सुरक्षाबलों को अखल के जंगलों में चार से पांच आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), कुलगाम पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआती मुठभेड़ के दौरान आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के अंदर की ओर भाग निकले। इसके बाद पूरे इलाके की सख्त घेराबंदी की गई और शनिवार रातभर रुक-रुककर फायरिंग होती रही। शनिवार सुबह होते ही सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन तेज कर दिया।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और स्थिति पर सुरक्षाबल पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं।





