मनोरंजन

एल्विश यादव ने किया बॉलीवुड डेब्यू का ऐलान, ‘मालामाल वीकली 2’ में दिखेगा नया अंदाज

यूट्यूबर और रियलिटी शो स्टार एल्विश यादव अब बॉलीवुड में बतौर एक्टर डेब्यू करने जा रहे हैं। सोशल मीडिया की दुनिया से अपने करियर की शुरुआत करने वाले एल्विश अब बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। उन्होंने गुरुवार को अपने एक्स अकाउंट पर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की और उनका शुक्रिया अदा किया।

एल्विश ने अपनी नई फिल्म का ऐलान करते हुए लिखा कि वह बाहर से आए हैं और बॉलीवुड में उनका कोई अपना नहीं था। उन्होंने कहा कि फैंस के प्यार और सपोर्ट की वजह से वह यहां तक पहुंचे हैं। एल्विश ने अपने फैंस से आगे भी इसी तरह प्यार बनाए रखने की अपील की।


‘मालामाल वीकली 2’ में नजर आएंगे एल्विश

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, एल्विश यादव ‘मालामाल वीकली 2’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ रितेश देशमुख, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।

2006 में आई थी पहली फिल्म

बता दें कि ‘मालामाल वीकली’ साल 2006 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था और इसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में परेश रावल, ओम पुरी, रितेश देशमुख और अरबाज खान जैसे कलाकार नजर आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके सीक्वल में रितेश देशमुख, परेश रावल और राजपाल यादव की वापसी होगी। वहीं, फिल्म की फीमेल कास्ट में परिणीति चोपड़ा, रवीना टंडन और शिल्पा शिरोडकर के नाम बताए जा रहे हैं।

एल्विश यादव के लिए यह फिल्म उनके करियर का एक नया पड़ाव होगी। यूट्यूबर और रियलिटी शो स्टार के बाद अब वह बॉलीवुड में अपनी एक्टिंग का दम दिखाने के लिए तैयार हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button