रैना-धवन की संपत्ति जब्त, ED ने 1xBet मनी-लॉन्ड्रिंग केस में उठाया कदम

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित अवैध सट्टेबाजी साइट 1xBet से जुड़े मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पीएमएलए (PMLA) के तहत जारी किए गए अस्थायी आदेश में धवन की अचल संपत्ति 4.5 करोड़ रुपये और रैना के म्यूचुअल फंड की संपत्ति 6.64 करोड़ रुपये जब्त की गई है।
जांच में यह पाया गया है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने विदेशी कंपनियों के साथ endorsement (प्रचार) समझौतों में “जानबूझकर” हिस्सा लिया, जिससे 1xBet और इसके सहयोगियों का प्रचार किया गया।
ED ने इस मामले में रैना और धवन के अलावा अन्य पूर्व क्रिकेटरों जैसे युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा, साथ ही अभिनेता सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मीमी चक्रवर्ती (पूर्व तृणमूल सांसद) और बंगाली अभिनेता अंकुश हज़रा से भी पूछताछ की है। जानकारी के अनुसार, 1xBet की कंपनी कुराकाओ में पंजीकृत है और यह 18 सालों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सट्टेबाजी के क्षेत्र में काम कर रही है।





