DRDO ने रचा नया कीर्तिमान, स्वदेशी हाई एल्टीट्यूड एयरशिप का सफल उड़ान परीक्षण

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने मंगलवार को स्वदेशी रूप से विकसित हाई एल्टीट्यूड एयरशिप का सफल उड़ान परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान इस एयरशिप ने समुद्र तल से करीब 21 किलोमीटर की ऊंचाई हासिल की और समताप मंडल में लंबे समय तक काम करने की अपनी क्षमता दिखाई।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, परीक्षण के दौरान एयरशिप करीब 21 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचा। इसके बाद इसे लगभग 20 किलोमीटर की ऊंचाई पर 30 मिनट से ज्यादा समय तक उड़ाया गया। परीक्षण पूरा होने के बाद इसे सुरक्षित तरीके से नीचे लाकर बरामद कर लिया गया।
इस दौरान प्लेटफॉर्म से जमीन पर मौजूद कंट्रोल सेंटर तक रियल टाइम वीडियो और सिस्टम से जुड़े आंकड़े लगातार भेजे गए। परीक्षण के बाद जुटाए गए डेटा का विश्लेषण किया गया, ताकि प्लेटफॉर्म के प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।
निगरानी और संचार में हो सकता है इस्तेमाल
इस हाई एल्टीट्यूड एयरशिप को लंबे समय तक हवा में रहकर निगरानी और संचार जैसे कामों के लिए विकसित किया जा रहा है। इसमें कैमरे, ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) रिसीवर, जड़त्वीय मापन इकाई और ऊंचाई को नियंत्रित करने वाली कई प्रणालियां लगाई गई थीं।
परीक्षण के दौरान इन सभी प्रणालियों ने उम्मीद के मुताबिक काम किया। इस उड़ान परीक्षण को कई एजेंसियों के सहयोग से पूरा किया गया। इसमें भारतीय वायुसेना, सैन्य विमान उड़ान योग्यता एवं प्रमाणन केंद्र, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और अन्य नागरिक एजेंसियां शामिल रहीं।
आगरा में तैयार किया जा रहा एयरशिप
हाई एल्टीट्यूड एयरशिप का डिजाइन और विकास आगरा स्थित DRDO की प्रयोगशाला एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (ADRDE) कर रही है। यह हल्के से हवा में रहने वाला प्लेटफॉर्म है, जिसे समताप मंडल में लंबे समय तक उड़ान भरने और काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसका इस्तेमाल भविष्य में लंबे समय तक निगरानी, संचार और दूसरे निगरानी अभियानों में किया जा सकता है। यह उपलब्धि भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस तकनीक और निगरानी क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण के लिए DRDO, भारतीय वायुसेना, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और उद्योग जगत से जुड़े सभी साझेदारों को बधाई दी। उन्होंने इसे उन्नत एयरोस्पेस तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।





