दिलजीत दोसांझ को फिर मिली धमकी, ऑकलैंड शो पर मंडराया खतरा

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने अंतरराष्ट्रीय ‘औरा’ टूर पर हैं। लेकिन हाल के दिनों में उन्हें खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से नई धमकियां मिली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में हुए दिलजीत के कॉन्सर्ट में कुछ लोगों ने खालिस्तान समर्थक नारे लगाए थे। अब न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में होने वाले उनके अगले शो को भी खालिस्तानी समर्थकों द्वारा बाधित करने की धमकी दी गई है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के एक प्रोमो में दिलजीत दोसांझ, अमिताभ बच्चन के पैर छूते हुए नजर आए। इस दृश्य के बाद प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने गायक के खिलाफ धमकी जारी की। संगठन के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले दिलजीत के शो को बंद कराने की भी चेतावनी दी थी। इन धमकियों के बीच भी दिलजीत दोसांझ ने शांत बने रहने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने कॉन्सर्ट की झलकियां साझा करते हुए यह संकेत दिया कि वह किसी विवाद का जवाब नहीं देंगे।
Perth 🫶🏽🫶🏽
AURA TOUR
AUSTRALIA 🇦🇺
Next
13th NOVEMBER Auckland 🇳🇿
— DILJIT DOSANJH (@diljitdosanjh) November 9, 2025
विवाद बढ़ने के बाद दिलजीत ने सफाई दी थी कि उनका शो किसी फिल्म या एल्बम के प्रचार के लिए नहीं था। वह वहां पंजाब में आई बाढ़ राहत के लिए जागरूकता बढ़ाने और समर्थन जुटाने के मकसद से पहुंचे थे।
खालिस्तानी धमकियों के बावजूद दिलजीत दोसांझ ने अपना ‘औरा टूर’ जारी रखने का फैसला किया है। वह फिलहाल अपने संगीत और कार्यक्रमों पर ही ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और सीधे तौर पर इन धमकियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।





