दिलजीत दोसांझ का मेट गाला में डेब्यू, शकीरा संग दिखी खास केमिस्ट्री

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। इस साल उन्होंने मेट गाला 2025 में पहली बार हिस्सा लिया और अपने शाही लुक से सभी का ध्यान खींचा। उनकी ड्रेस पंजाबी विरासत को दर्शा रही थी, जिसे फैशन जगत में काफी सराहना मिली।
दिलजीत ने मेट गाला के रेड कार्पेट पर चलने से पहले एक प्री-इवेंट फोटोशूट में हिस्सा लिया, जहां वे इंटरनेशनल सेलेब्रिटीज़ के साथ नजर आए। इस दौरान वे शकीरा और निकोल शेर्ज़िंगर जैसे बड़े नामों के साथ दिखाई दिए। खास बात यह रही कि शकीरा ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वे दिलजीत के साथ मस्ती करती नजर आईं। उन्होंने कैमरे में दिलजीत की तरफ इशारा करते हुए कहा, “ये दिलजीत हैं, भारत को हेलो कहो।”
View this post on Instagram
इस वीडियो के सामने आने के बाद फैंस दोनों के कोलैबोरेशन की उम्मीद करने लगे हैं। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत मेट गाला के आयोजक अन्ना विंटोर के खास डिनर में भी शामिल हुए थे।
मेट गाला की कुछ और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें दिलजीत प्रियंका चोपड़ा, उनके पति निक जोनस और डिजाइनर प्रबल गुरुंग के साथ नजर आ रहे हैं। इस साल मेट गाला में भारत से शाहरुख खान और कियारा आडवाणी भी पहुंचे थे। सभी के लुक को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया है।

दिलजीत का यह मेट गाला डेब्यू उनके करियर का एक और बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।





