प्रो-खालिस्तान झंडों के विवाद पर दिलजीत ने तोड़ी चुप्पी, फेक नैरेटिव पर जताई नाराजगी

सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ऑरा टूर को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनके कॉन्सर्ट के दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रो-खालिस्तान झंडा लहरने की खबर सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। अब दिलजीत ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दिलजीत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साफ कहा कि हर किसी को बाहर खड़े होकर विरोध करने का अधिकार है, लेकिन अगर कोई उनके फैंस को परेशान करने या शो का माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उसे मंजूर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई लोग अपने शहर, देश या सपोर्ट दिखाने के लिए झंडे और बैनर लेकर आते हैं, जो आम बात है। लेकिन अगर किसी का मकसद शो में गड़बड़ी पैदा करना है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सिंगर ने बताया कि उन्होंने अपनी सिक्योरिटी टीम को पहले ही निर्देश दे दिए थे कि जो भी व्यक्ति शो में हंगामा करने की कोशिश करे, उसे तुरंत बाहर निकाल दिया जाए। दिलजीत ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी किसी झंडे या बैनर के खिलाफ कुछ नहीं कहा, इसलिए उनके नाम पर फेक नैरेटिव फैलाना बंद किया जाए।
यह विवाद पिछले साल अक्टूबर 2025 से जुड़ा बताया जा रहा है, जब दिलजीत कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे थे और वहां वे अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे। इसके बाद कुछ संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, दिलजीत लगातार यह कहते आए हैं कि उनका संदेश हमेशा प्यार, शांति और एकता का रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पूरी दुनिया एक है और वह आगे भी मोहब्बत का संदेश देते रहेंगे।





