गुजरात में 80 साल की महिला से 58.50 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

साइबर ठगों के हौसले किस हद तक बुलंद हैं, इसका एक और चौंकाने वाला मामला गुजरात के राजकोट से सामने आया है। यहाँ साइबर अपराधियों ने मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे मामले में फंसाने का डर दिखाकर एक 80 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर लिया और उनसे 58.50 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद से दो फैक्ट्री मालिकों को गिरफ्तार किया है।
कैसे बुना गया ठगी का जाल?
राजकोट की रहने वाली बुजुर्ग महिला डॉक्टर के पास 21 सितंबर को एक अनजान व्हाट्सएप नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का पुलिस सब-इंस्पेक्टर संजय सिंह बताया था। ठग ने महिला को डराते हुए कहा कि मुंबई के इंडिया कोऑपरेटिव बैंक के मैनेजर हितेश मेहता से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान उनका आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुआ है।
ठगों ने उनकी उम्र और डर का फायदा उठाकर उन्हें वीडियो कॉल के जरिए लगातार निगरानी में रखा और घर में ही डिजिटल अरेस्ट कर लिया। खुद को बचाने के नाम पर डरी-सहमी बुजुर्ग महिला ने आरोपियों के बताए गए बैंक खाते में 58.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बैंक कर्मचारी की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान
शातिर ठग इतने पर ही नहीं रुके और महिला से 21 लाख रुपये और ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे। गनीमत यह रही कि इस बार बैंक के एक सतर्क कर्मचारी की नजर संदिग्ध ट्रांजैक्शन पर पड़ी। बैंक कर्मी ने तुरंत अधिकारियों और पुलिस को इसकी सूचना दी। समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दूसरा ट्रांजैक्शन पूरा होने से पहले ही महिला तक पहुंचकर उन्हें बचा लिया।
कंपनी के करंट अकाउंट का होता था खेल
जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग महिला से ठगी गई 58.50 लाख रुपये की रकम अहमदाबाद के दो भाइयों-दरशन मकवाना और शुभाभ परमार की कंपनी के चालू खाते में भेजी गई थी। ये दोनों आरोपी अहमदाबाद में फैक्ट्रियां चलाते हैं और साइबर अपराध नेटवर्क को 6 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना करंट अकाउंट किराए पर देते थे।
पुलिस की तकनीकी जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इस खाते का इस्तेमाल सिर्फ बुजुर्ग डॉक्टर के साथ ठगी के लिए नहीं हुआ था। बल्कि पिछले सिर्फ छह दिनों में देश भर से साइबर फ्रॉड के करीब 2.50 करोड़ रुपये इस खाते में जमा किए गए थे।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच के आधार पर दरशन मकवाना और शुभम परमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.20 लाख रुपये की कुल कीमत वाले चार महंगे मोबाइल फोन और एक डेल लैपटॉप भी जब्त किया है। पुलिस अब इस बड़े साइबर सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं की तलाश कर रही है, जो राज्य की सीमाओं या देश के बाहर से इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।