अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए शुरू हुआ Digi Yatra का ट्रायल, 2027 तक होगी फुल लॉन्चिंग

देश में हवाई यात्रा को और अधिक आसान और तेज बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अब घरेलू उड़ानों के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी डिजी यात्रा (Digi Yatra) की सुविधा शुरू होने जा रही है। नागर विमानन मंत्रालय (Civil Aviation Ministry) ने हाल ही में घोषणा की है कि देश के 7 चुनिंदा एयरपोर्ट्स पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजी यात्रा का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। इस सेवा का व्यापक विस्तार (Rollout) साल 2027 तक किए जाने की योजना है।
किन 7 एयरपोर्ट्स पर शुरू हुआ ट्रायल?
मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजी यात्रा का यह ट्रायल चरण फिलहाल देश के 7 बड़े हवाई अड्डों पर चलाया जा रहा है। इन एयरपोर्ट्स में दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोचीन, मुंबई, चेन्नई और अमृतसर शामिल हैं।
इस ट्रायल के दौरान मिलने वाले फीडबैक और अनुभवों का उपयोग करके साल 2027 में इस तकनीक को बड़े पैमाने पर देश भर में लागू किया जाएगा।
कैसे काम करेगा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजी यात्रा?
यह सुविधा फिलहाल उन भारतीय नागरिकों के लिए ट्रायल बेसिस पर उपलब्ध होगी जिनके पास ई-पासपोर्ट (e-passport) है। साथ ही, यह सुविधा अभी एयर इंडिया (Air India) और इंडिगो (IndoGo) की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ही मान्य है।
अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए योग्य नागरिकों को डिजी यात्रा मोबाइल ऐप के जरिए अपने ई-पासपोर्ट का इस्तेमाल करके एक वेरिफिएबल क्रेडेंशियल (VC) बनाना होगा। इस प्रक्रिया में ई-पासपोर्ट के मशीन रीडेबल ज़ोन (MRZ) को स्कैन करना, स्मार्टफोन के एनएफसी (NFC) फीचर से चिप को पढ़ना और एक सेल्फी लेकर अपनी डिटेल वेरीफाई करना शामिल है। इसके बाद यात्रियों के क्रेडेंशियल उनके डिवाइस पर डिजी यात्रा वॉलेट में सुरक्षित हो जाएंगे।
जरूरी दस्तावेज रखना अभी भी है अनिवार्य
मंत्रालय ने साफ किया है कि यह तकनीक यात्रियों के मौजूदा यात्रा दस्तावेजों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी सुविधा को और बेहतर बनाने का एक जरिया है।
यात्रियों को अभी भी अपने जरूरी यात्रा दस्तावेज साथ रखने होंगे और एयरलाइन के सभी अनिवार्य दस्तावेज चेक, इमीग्रेशन प्रक्रिया और अन्य नियमों को पूरा करना होगा। यह सुविधा यात्रियों को टर्मिनल एंट्री पॉइंट, सिक्योरिटी होल्ड एरिया (SHA) और बोर्डिंग गेट पर तेज और संपर्क रहित (contactless) आवाजाही में मदद करेगी।
वर्तमान में डिजी यात्रा प्लेटफॉर्म के 2.65 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। यह तकनीक अब तक 39 घरेलू एयरपोर्ट्स पर 110 मिलियन से अधिक यात्राओं को आसान बना चुकी है और 2027 तक 25 और घरेलू एयरपोर्ट्स को इसके दायरे में लाने की योजना है।





