SIR के खिलाफ प्रदर्शन पड़ा भारी? CJP नेताओं से क्राइम ब्रांच की पूछताछ

CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका गुरुवार को दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचे। दोनों नेताओं को अक्टूबर में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
इससे पहले, 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर के उस स्थान पर प्रदर्शन करने और राष्ट्रीय ध्वज लहराने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया था, जिसे प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचना से हटा दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 11 अक्टूबर को शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड का भी उल्लंघन किया था।
दोनों नेताओं को 21 अक्टूबर को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया था। इसके लिए उन्हें 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानत राशि जमा करनी पड़ी थी। बाद में उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच ने अक्टूबर के अंत से पहले दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने इसके लिए कुछ और समय मांगा था।
मामला 14 अक्टूबर की घटना से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, सौरव दास, आशुतोष रांका, CJP नेता अजिंक्य शिंदे और 11 अन्य लोग कथित तौर पर जंतर-मंतर के प्रतिबंधित प्रदर्शन स्थल में घुस गए थे। ये सभी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया था। अजिंक्य शिंदे को शांति बनाए रखने का बॉन्ड भरने के बाद जमानत मिल गई थी, जबकि सौरव दास और आशुतोष रांका करीब एक सप्ताह तक न्यायिक हिरासत में रहे। विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) ऋतु राज ने जंतर-मंतर में कथित तौर पर घुसने के मामले की जांच पूरी होने तक दोनों को 50-50 हजार रुपये के निजी और जमानती मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों नेताओं ने लिखित रूप में भरोसा दिया था कि वे शांति भंग करने वाली कोई गतिविधि नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने न्यायपालिका और SEM कोर्ट समेत सभी संबंधित संस्थाओं पर अपना विश्वास जताया था।





