हांगकांग के ताईपो में विनाशकारी आग, 65 लोगों की मौत, 300 अब भी लापता

हांगकांग: ताई पो हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में दर्जनों ऊँची इमारतों में लगी भीषण आग में कम से कम 65 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग लापता हैं। यह हांगकांग के दशकों में सबसे बड़े हादसों में से एक माना जा रहा है।
फायर सर्विसेज डिपार्टमेंट (एफएसडी) को बुधवार दोपहर 2 बजकर 51 मिनट पर आग लगने की जानकारी मिली. रॉयटर्स के अनुसार, विभाग ने दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे इसे नंबर 4 अलार्म फायर घोषित किया, जो हांगकांग में दूसरी सबसे गंभीर श्रेणी मानी जाती है. आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें कई किलोमीटर की दूरी से भी दिखाई दे रही थीं.
बांस की मचान से शुरू हुई आग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग की शुरुआत ताई पो जिले के एक कॉम्प्लेक्स के बाहर लगी बांस की मचान से हुई, जो तेजी से आसपास की इमारतों में फैल गई. ताई पो शहर के उत्तरी क्षेत्र में स्थित है और चीन के प्रमुख शहर शेनझेन की सीमा के निकट है. आग की विभीषिका के कारण कई लोग इमारतों में फंस गए.
राहत कार्य जारी, 90% लोगों को बचाया गया
फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 90 प्रतिशत लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. हालांकि, अभी भी काफी संख्या में लोग लापता हैं. अग्निशमन कार्य अभी जारी है और इस घटना को लेवल पांच कैटेगरी में वर्गीकृत किया गया है, जिसे सबसे गंभीर स्तर माना जाता है. घटनास्थल के आसपास की कई सड़कों को बंद कर दिया गया है.
आस-पास के निवासियों को सुरक्षा सलाह
अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर तैनात हैं. विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे घरों के भीतर रहें, अपने दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें और शांत रहें. अधिकारियों को आशंका है कि कुछ लोग अभी भी इमारतों में फंसे हो सकते हैं.
17 वर्षों में सबसे बड़ा हादसा
हांगकांग में इस तरह की लेवल पांच कैटेगरी की आग पिछली बार लगभग 17 साल पहले लगी थी, जिसमें चार लोगों की जान गई थी. लेकिन इस बार की घटना में जान-माल का नुकसान कहीं अधिक व्यापक है. प्रशासन ने घायलों और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए एक विशेष हेल्पलाइन की व्यवस्था की है, ताकि उन्हें तत्काल सहायता प्रदान की जा सके.





