दिल्ली के स्वरूप नगर में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 लोग घायल

नई दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ रविवार को एक गोडाउन-कम-फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि पास की इमारत में रहने वाले लोग डर और घबराहट में अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूद पड़े। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए हैं।
जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह आग एक ऐसी फैक्ट्री के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर लगी जहाँ जूडो की ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाए जाते हैं। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त फैक्ट्री के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। गनीमत यह रही कि फैक्ट्री के भीतर कोई हताहत नहीं हुआ, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
घबराहट में पड़ोसी इमारत से कूदे लोग
फैक्ट्री बंद होने के बावजूद आग की लपटों और धुएं को देखकर पास की इमारत में हड़कंप मच गया। डर के मारे लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी घबराहट में छह लोग अपनी जान बचाने के लिए साथ वाली इमारत से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
15 दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
दिल्ली फायर सर्विस को इस घटना की सूचना सुबह करीब 11:05 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल की 15 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है।
फिलहाल, आग लगने के कारणों और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आग कैसे लगी और घायलों की पहचान की जा रही है।





