
दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 2 से 3 घंटे के दौरान और बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, AIIMS, ITO, आरके पुरम, फिरोजशाह रोड, अशोका रोड और सुप्रीम कोर्ट के आसपास भारी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में बारिश से कई इलाके प्रभावित
भारी बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में सड़कें पानी से भर गईं। जलभराव के चलते कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली से सटे NCR के इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। गुरुग्राम और फरीदाबाद में Yellow Alert जारी किया गया, जबकि नोएडा में आसमान में घने बादल छाए रहे।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों पर असर
खराब मौसम का असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी पड़ा। Flightradar24 के मुताबिक, मंगलवार को 16 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 132 उड़ानों में देरी हुई।
इससे एक दिन पहले सोमवार को भी खराब मौसम के कारण 26 उड़ानें रद्द, 15 डायवर्ट और 390 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई थी।
सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज
दिल्ली में अगस्त के दौरान अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर 24 अगस्त तक 246.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 29 फीसदी ज्यादा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और निचले वायुमंडल में बनी ट्रफ के आपसी प्रभाव के कारण दिल्ली में बारिश की तीव्रता बढ़ी है।
26 अगस्त से बारिश में कमी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से दिल्ली में बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। 26 से 30 अगस्त के बीच बड़ी बारिश की संभावना नहीं है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, बारिश के बाद उमस और गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है।





