Delhi Fire Service Staff Shortage: पूर्व अग्निवीरों की भर्ती का LG संधू ने दिया सुझाव

Delhi Fire Service Staff Shortage: दिल्ली में हाल ही में हुए मालवीय नगर अग्निकांड और अन्य हादसों के बाद राजधानी की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरणजीत सिंह संधू ने दिल्ली फायर सर्विस (DFS) में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए पूर्व अग्निवीरों की भर्ती पर विचार करने का सुझाव दिया है।
सोमवार को आयोजित दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में एलजी ने कहा कि सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी कर चुके पूर्व अग्निवीरों को फायर सर्विस में शामिल कर स्टाफ की कमी को तेजी से दूर किया जा सकता है।
DDMA बैठक में हुई अहम चर्चा
एलजी संधू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सहित दिल्ली सरकार, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में दिल्ली फायर सर्विस को मजबूत बनाने, खाली पदों को भरने, नागरिक निगरानी बढ़ाने और अग्नि सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
फायर सेफ्टी नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला
बैठक में गृह मंत्री आशीष सूद के उस प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिसमें दिल्ली फायर सर्विस एक्ट 2007 की धारा 32 को प्रभावी रूप से लागू करने की बात कही गई।
इसके तहत राजधानी की सभी बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपायों को लागू किया जाएगा, चाहे उन्हें फायर सेफ्टी एनओसी की आवश्यकता हो या नहीं।
वर्तमान नियमों के अनुसार 15 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों के लिए फायर विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य है।
अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई जारी
बैठक में दिल्ली में अवैध निर्माण और लाइसेंस के दुरुपयोग के खिलाफ चल रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, लेकिन कार्रवाई के नाम पर आम नागरिकों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि फायर विभाग द्वारा अब तक एक भी नोटिस जारी नहीं किया गया है, जबकि कई जगह गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
MCD ऐप पर नागरिक भी कर सकेंगे शिकायत
तरणजीत सिंह संधू ने सुझाव दिया कि नगर निगम (MCD) अपने 311 ऐप और पोर्टल पर ऐसा विकल्प उपलब्ध कराए, जिससे नागरिक अवैध निर्माण की तस्वीरें सीधे अपलोड कर सकें।
इससे प्रशासन को अवैध निर्माणों पर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
मालवीय नगर अग्निकांड के बाद बढ़ी चिंता
दिल्ली में हाल ही में मालवीय नगर स्थित होटल में लगी भीषण आग में 22 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा सैदुलाजाब इलाके में इमारत गिरने से छह लोगों की जान चली गई थी।
इन घटनाओं के बाद दिल्ली सरकार और प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का दबाव बढ़ गया है।
मानसून और हीटवेव तैयारियों की भी समीक्षा
बैठक में आगामी मानसून सीजन और गर्मी से जुड़ी आपदाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान जलभराव की घटनाओं को रोकने के लिए “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाए और सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम करें।





