Delhi CNG Pump Blast: टीकरी कलां में CNG पंप पर भयानक धमाका, ट्रक में गैस भर रहे कर्मचारी की मौत, 6 घायल
टीकरी कलां इलाके में CNG रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर फटने से मची अफरातफरी, दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद।

नई दिल्ली: दिल्ली के टीकरी कलां इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक सीएनजी पंप पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस भयानक हादसे में एक CNG पंप कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिफिलिंग के दौरान हुआ ब्लास्ट
पुलिस और दमकल विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3:37 बजे की है। टीकरी कलां स्थित एक सीएनजी पंप पर एक ट्रक गैस भरवाने के लिए आया था। जब पंप कर्मी वाहन में सीएनजी रिफिल कर रहा था, तभी अचानक ट्रक का गैस टैंक तेज धमाके के साथ फट गया।
एक की मौत, पांच की हालत गंभीर
इस विस्फोट की चपेट में आने से सीएनजी भर रहे कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, आसपास खड़े 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पंप पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की छह गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं।
जांच में जुटी पुलिस
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दमकल कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल, ब्लास्ट के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




