दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में दर्दनाक हादसा; चावड़ी बाजार में इमारत गिरने से 2 की मौत, CM रेखा गुप्ता ने दिए कड़े निर्देश

दिल्ली के पुरानी दिल्ली इलाके के चांदनी चौक के पास चावड़ी बाजार (Chawri Bazar) में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत के ढह जाने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह दुर्घटना गली सितारा, शीश महल क्षेत्र में हुई। इस दुखद हादसे के बाद दिल्ली सरकार और प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए लापरवाह अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों पर गिरी गाज, ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इलाके के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही, इमारत का निर्माण करा रहे ठेकेदार के खिलाफ भी एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख, मुआवजे और इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सरकार की ओर से पीड़ितों के परिजनों को तुरंत आर्थिक सहायता (Ex-gratia) देने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। सीएम ने यह भी चेतावनी दी है कि शहर में नियमों को ताक पर रखकर हो रहे निर्माण कार्यों पर कड़ी नजर रखी जाए।
युद्ध स्तर पर चल रहा है राहत और बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही कई एजेंसियों को तुरंत मौके पर तैनात कर दिया गया। दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD), डीडीएमए (DDMA), कैट्स एम्बुलेंस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें संयुक्त रूप से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।





