दिल्ली विस्फोट मामले में आतंकी साज़िश का बड़ा खुलासा, आटा चक्की से तैयार हो रहा था विस्फोटक

फरीदाबाद में एनआईए और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी आतंकी साज़िश का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान यह सामने आया कि आतंकी डॉक्टर मुजम्मिल और उसके साथियों ने न सिर्फ तीन हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट का जखीरा इकट्ठा किया था, बल्कि उसे विस्फोटक के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए गांव के गोपनीय ठिकानों पर आटा चक्की भी लगा रखी थी। इसी चक्की में यूरिया और अन्य पदार्थ पीसकर बारूद तैयार किया जाता था।
डॉक्टर मुजम्मिल के कमरे से मिली आटा चक्की और इलेक्ट्रॉनिक मशीनें
सूत्रों के अनुसार, धौज गांव में डॉक्टर मुजम्मिल के किराए के कमरे—कमरा नंबर 15—से 9 नवंबर को 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, ग्राइंडर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए थे। माना जा रहा है कि मुजम्मिल इन्हीं मशीनों का इस्तेमाल करके यूरिया को बारीक पीसता था, फिर इसे अल-फलाह यूनिवर्सिटी से चुराए गए केमिकल के साथ मिलाकर विस्फोटक तैयार किया जाता था।
टैक्सी ड्राइवर के घर से भी बरामद हुए उपकरण
एनआईए ने बुधवार देर रात धौज गांव में रहने वाले एक टैक्सी ड्राइवर शब्बीर के घर से भी आटा चक्की, ग्राइंडर और कुछ इलेक्ट्रॉनिक मशीनें बरामद कीं। ये मशीनें मुजम्मिल ने शब्बीर के घर पर रखवाई थीं। शब्बीर ने पूछताछ में बताया कि मुजम्मिल ने उसे बताया था कि वह अपनी बहन की शादी के लिए गिफ्ट बनवाने के बहाने मशीनें लेकर आया है, बाद में वही मशीनें वह अपने कमरे में ले गया।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इन मशीनों से मेटल तक पीसा जा सकता था, जिससे विस्फोटक की क्षमता और बढ़ जाती है। बरामद उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि इनमें मौजूद अमोनियम नाइट्रेट या अन्य रासायनिक अंशों का परीक्षण किया जा सके।
कैसे जुड़ा टैक्सी ड्राइवर मुजम्मिल से?
पूछताछ में शब्बीर ने बताया कि चार साल पहले उसके छोटे बेटे पर गर्म दूध गिरने से गंभीर जलन हो गई थी और उसे अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहीं उसकी मुलाकात डॉक्टर मुजम्मिल से हुई। इलाज के दौरान दोनों में परिचय हुआ और बाद में नियमित बातचीत होने लगी। इसी संबंध का फायदा उठाकर मुजम्मिल ने शब्बीर के घर मशीनें रखने की योजना बनाई।
एनआईए की जांच जारी
डॉक्टर मुजम्मिल से पूछताछ में यह महत्वपूर्ण खुलासा हुआ कि वह लंबे समय से यूरिया को रिफाइन करने के लिए आटा चक्की का उपयोग कर रहा था। उसकी निशानदेही पर ही टैक्सी ड्राइवर के घर छापेमारी की गई। फिलहाल एनआईए शब्बीर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि वह साजिश में शामिल था या डॉक्टर मुजम्मिल ने उसे बिना बताए इस्तेमाल किया।
एनआईए इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि विस्फोटक कहां और किस उद्देश्य से तैयार किए जा रहे थे।





