भारत

ज्वालामुखी विस्फोट के चलते दिल्ली-बाली एयर इंडिया फ्लाइट की इमरजेंसी वापसी, कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रद्द

इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को हुए एक शक्तिशाली ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एयर इंडिया की दिल्ली से बाली जा रही फ्लाइट AI2145 को उड़ान के दौरान ही वापस लौटना पड़ा। विमान को सुरक्षा कारणों से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कराया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता  ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को होटल में ठहरने की सुविधा दी जा रही है, साथ ही टिकट रद्द करने, यात्रा पुनर्निर्धारण या धनवापसी के विकल्प भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इससे पहले खराब मौसम के चलते बाली से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2146 को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट किया गया था। मंगलवार को कुछ देर वाराणसी में रुकने के बाद वह रात में दिल्ली के लिए रवाना हो गई। ज्वालामुखी विस्फोट का असर कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। इंडोनेशिया के नुसा तेंगारा प्रांत में स्थित माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी से मंगलवार शाम को हुए विस्फोट के बाद राख का गुबार 10,000 मीटर से भी अधिक ऊंचाई तक पहुंच गया। इस राख के गुबार को 150 किलोमीटर दूर से भी देखा गया।

स्थिति को देखते हुए बाली के नगुराह राय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। वर्जिन ऑस्ट्रेलिया, जेटस्टार, एअर न्यूजीलैंड, टाइगरएयर सिंगापुर, जुनेयाओ एयरलाइंस और एअर इंडिया जैसी कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं या उनके मार्ग में बदलाव किया है।

एयरलाइंस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button