‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, साइबर पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा

पुणे की पिंपरी चिंचवड़ साइबर पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश किया है, जिसमें एक अंतरराज्यीय गिरोह वरिष्ठ नागरिकों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठग रहा था। ये आरोपी खुद को ब्लू डार्ट कंपनी का अधिकारी या मुंबई पुलिस बताकर लोगों को डराते और फिर पैसे वसूलते थे। पुलिस ने इस गिरोह के छह आरोपियों को तेलंगाना, कर्नाटक और केरल से गिरफ्तार किया है।
अब तक की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने 2 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद आमेर अखिल मोहम्मद आरिफ, जिगर जितेश पटेल, अजिथ विजयन, सचिन पी प्रकाश, मोहम्मद रिहान मोहम्मद तजमूल और सैयद ओवेज़ अफनान सैयद शौकत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ देशभर में 31 शिकायतें दर्ज हैं। साथ ही, इनके बैंक खातों से करीब 7 करोड़ 86 लाख रुपये का लेनदेन भी हुआ है, जो इस साइबर गिरोह के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है।
पिंपरी चिंचवड़ साइबर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा की और कई राज्यों में छापेमारी की। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।





