मेरठ में साइबर ठगों की धोखाधड़ी: 5 पीड़ितों से 61 लाख से ज्यादा की ठगी

मेरठ में साइबर अपराधियों ने लोगों को शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने, ऑनलाइन कमाई और वीडियो लाइक करने के टास्क का लालच देकर लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने रकम वापस मांगी तो उनसे और पैसे की मांग की गई, कुछ को धमकी भी दी गई। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है और जांच जारी है।
शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा, 15 लाख की ठगी
टीपी नगर क्षेत्र के कृष्णा वाटिका निवासी नवनीत मांगलिक को 18 जून को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप पर रोजाना 10–20% मुनाफे का वादा किया गया। ठगों ने अलग-अलग खातों में उनसे 15 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो और पैसे मांगने लगे। शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
टेलीग्राम लिंक से 12.47 लाख रुपये हड़पे
कृष्णानगर निवासी सुजीत कुमार के व्हाट्सएप पर 11 जुलाई को एक ट्रेडिंग लिंक भेजा गया। उनसे कंपनी की स्कीम के नाम पर छह बार में 12.47 लाख रुपये ले लिए गए। जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो ठगों ने अतिरिक्त राशि डालने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शेयर ट्रेडिंग का लालच, जान से मारने की धमकी
फलावदा निवासी अमित कुमार को 12 जुलाई को “वेल्थ मैनेजमेंट हब” नाम के ग्रुप में जोड़ा गया। उनसे पैन कार्ड, डिटेल्स लेकर ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। जब अमित ने पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साइबर सेल ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वीडियो लाइक करने का टास्क, 8 लाख रु. की ठगी
न्यू सरस्वती विहार फेज-2 निवासी विश्वा कुमार को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर वीडियो लाइक करने पर 180 रुपये रिवॉर्ड का झांसा दिया गया। फिर धीरे-धीरे निवेश के नाम पर 8 लाख 13 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये वापस मांगने पर ठगों ने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। शिकायत पर मुकदमा दर्ज हो गया है।
ऑनलाइन कमाई का लालच, 5.96 लाख ठगे
जानी क्षेत्र के सिसौला बुजुर्ग निवासी मौ. बिलाल से ठगों ने ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर 5 लाख 96 हजार रुपये ठग लिए। बार-बार रकम ट्रांसफर कराने के बाद पैसे वापस करने से मना कर दिया और और पैसे मांगने लगे। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज है।
साइबर सेल की चेतावनी
साइबर क्राइम थाना प्रभारी महेश राठौर ने बताया कि सभी मामलों में जांच चल रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करके रकम बरामद करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि लालच में आकर अजनबी लिंक, ऐप और ग्रुप पर भरोसा न करें।





