भारत

कोरोना फिर से कर रहा दस्तक: ठाणे में युवक की मौत, देशभर में मामले बढ़े

देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामलों में इज़ाफा देखा जा रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे में शनिवार को कोरोना संक्रमित एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में आठ नए मामले भी दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 18 हो गई है। इनमें से केवल एक मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया है, बाकी सभी घर पर आइसोलेशन में हैं। सभी की स्थिति स्थिर बताई गई है।

टीएमसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मृतक युवक गंभीर मधुमेह से पीड़ित था। उसे गुरुवार को कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात उसकी कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई और शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिरुद्ध मालगांवकर ने बताया कि युवक की मौत अन्य बीमारियों की वजह से हुई, लेकिन वह कोरोना संक्रमित भी था।

फिलहाल अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए 19 बिस्तरों वाला विशेष वार्ड तैयार किया गया है और आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को नगर निगम द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतना नितिल ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं और जांच किट्स का पर्याप्त स्टॉक है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

दिल्ली में अब तक कोरोना के 23 नए मामले सामने आ चुके हैं। वहीं केरल, मुंबई, और अन्य राज्यों में भी संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मेडिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कोविड मामलों में बढ़ोतरी ओमिक्रॉन के नए उप-संस्करण JN.1 की वजह से हो रही है। यह वैरिएंट तेजी से फैल रहा है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे अभी तक ‘वैरिएंट ऑफ कंसर्न’ नहीं माना है। फिलहाल अधिकांश संक्रमित मरीजों में हल्के लक्षण जैसे बुखार, गले में खराश, सिरदर्द और थकावट देखने को मिल रहे हैं, और अधिकतर लोग 3-4 दिनों में स्वस्थ हो जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है। मास्क पहनना, हाथ धोना और भीड़भाड़ से बचना अब भी बचाव के सबसे प्रभावी उपाय माने जा रहे हैं।

कोरोना एक बार फिर दस्तक दे चुका है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बरतना ज़रूरी है ताकि पिछली लहरों जैसी मुश्किलें दोबारा न झेलनी पड़ें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button