मनोरंजन

कॉमेडियन कुणाल कामरा पर विवाद बढ़ा, तीसरे समन के बाद भी नहीं हुए पेश

मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुंबई पुलिस ने उन्हें तीसरी बार समन भेजा था, लेकिन कामरा तय समय पर पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए। पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

यह मामला शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुणाल ने अपने एक स्टैंड-अप शो में शिंदे पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। शो का एक वीडियो 23 मार्च को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें 2022 में शिवसेना में हुई बगावत को लेकर शिंदे का मजाक उड़ाया गया था। वीडियो के सामने आने के बाद शिंदे समर्थकों ने खार स्थित स्टूडियो और होटल में तोड़फोड़ की, जहां शो की शूटिंग हुई थी।

पुलिस ने कामरा को 5 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था। यह तीसरा समन था, जिसे उन्होंने नजरअंदाज कर दिया। इससे पहले दूसरे समन के जवाब में भी वह पेश नहीं हुए थे। खार पुलिस की टीम जब उनके माहिम स्थित आवास पर पहुंची, तो वह वहां भी मौजूद नहीं थे।

हालांकि, कुणाल कामरा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मद्रास हाई कोर्ट से 7 अप्रैल तक की अंतरिम जमानत ले ली है। पुलिस अब अगली कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button