राजभवन मार्च के दौरान पटना में हंगामा, तेजस्वी यादव हिरासत में

बुधवार को पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राजभवन मार्च के दौरान जमकर हंगामा हुआ। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकले इस मार्च में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
तेजस्वी यादव जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्च में लगभग 5,000 लोग शामिल हुए। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पानी की बोतलें फेंकी, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फट गए।
मार्च के दौरान तेजस्वी यादव कुछ बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद उन्हें एक बस में बैठाया गया। इसके बाद RJD कार्यकर्ता बस के ऊपर चढ़ गए और हंगामा करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बस के पहियों की हवा भी निकाल दी, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।
इनकम टैक्स चौराहे के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लगातार वाटर कैनन चलाया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी वाटर कैनन के पानी में नाचते हुए भी नजर आए। प्रदर्शन में RJD कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। कुछ लोग नकली AK-47 जैसी बंदूकें लेकर भी नजर आए।
तेजस्वी ने कहा- डरने वाला नहीं हूं
हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकार और पेपर लीक के खिलाफ उनकी आवाज जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में पेपर लीक के मामलों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और जनता चुप बैठने वाली नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरते। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म भी जेल में हुआ था।





