उत्तर भारत में शीतलहर का असर, पंजाब-हरियाणा में गिरा पारा

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में मंगलवार (20 जनवरी 2026) को ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोग कड़ाके की ठंड से परेशान नजर आए। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर पंजाब का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब के अन्य शहरों की बात करें तो पठानकोट में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। फरीदकोट और बठिंडा में समान रूप से 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री और पटियाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में भी ठंड का असर देखने को मिला। भिवानी में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में यह 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में तापमान 8.8 डिग्री, गुरुग्राम में 9 डिग्री और करनाल में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा और नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय ठंड बनी रहने की संभावना है।




