अमेरिका और नाइजीरिया की संयुक्त कार्रवाई में ISIS के वरिष्ठ नेता के मारे जाने का दावा

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिकी सेना ने नाइजीरियाई सशस्त्र बलों के साथ मिलकर एक संयुक्त सैन्य अभियान चलाया, जिसमें अफ्रीका में सक्रिय ISIS के एक वरिष्ठ नेता को मार गिराया गया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि इस कार्रवाई में अबू-बिलाल अल-मिनुकी को निशाना बनाया गया, जिसे उन्होंने ISIS का “दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा कमांडर” बताया।
ट्रंप के अनुसार, यह अभियान उनके निर्देश पर किया गया और इसे बेहद योजनाबद्ध और जटिल ऑपरेशन बताया गया। उन्होंने कहा कि यह आतंकवादी अफ्रीका में छिपा हुआ था और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को उसके ठिकाने और गतिविधियों की जानकारी मिली थी। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि अल-मिनुकी कई हमलों की साजिश में शामिल था और अफ्रीकी देशों में आतंक फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के बाद ISIS के वैश्विक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार और दोनों देशों की सेनाओं की सराहना की। हालांकि, अब तक व्हाइट हाउस या नाइजीरियाई अधिकारियों की ओर से इस ऑपरेशन को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
ISIS और उससे जुड़े संगठन पिछले कुछ वर्षों से अफ्रीका के कई क्षेत्रों, खासकर साहेल और लेक चाड बेसिन के आसपास, सक्रिय हैं, जहां लगातार आतंकी घटनाएं सामने आती रही हैं।





